Total Visitors : 5 8 1 0 6 2 2

देरी के चलते नदारद हुए भाजपा पार्षद ...

149 करोड़ रुपए की योजनाएं

कानपुर:- मंगलवार देर शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर नगर निगम सदन में कानपुर स्मार्ट सिटी के तहत 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से किया। 149 करोड़ रुपए की योजनाएं अभी टेंडर प्रॉसेस में हैं। नगर विकास विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। नगर निगम सदन हॉल में इसका लाइव प्रसारण किया गया।

भाजपा पार्षद भी बिना सुने लौटे

सीएम द्वारा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम का संबोधन सुनने के लिए नगर निगम में शाम 4 बजे कार्यक्रम आयोजित होना था। इसके लिए विभाग के अफसरों ने कई लाभार्थियों और पार्षदों को बुलाकर बैठाया था, लेकिन संबोधन कार्यक्रम 3 घंटे देरी से शाम 7 बजे शुरू हो पाया। इससे पार्षद और लाभार्थी वापस लौट गए। कई भाजपा पार्षद भी मुख्यमंत्री को बिना सुने ही लौट गए।

9 कार्यों का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान फजलगंज में बस चार्जिंग स्टेशन के अलावा कानपुर कोतवाली की फेसलिफ्टिंग का कार्य, कलेक्ट्रेट परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग समेत 9 कार्यों का शिलान्यास किया और स्मार्ट सिटी के तहत क्लासरूम (ई0पाठशाला) का लोकार्पण किया। संबोधन के दौरान सीएम ने सभी परियोजनाओं की जानकारी दी और उससे होने वाले लाभ के बारे में लाभार्थियों को बताया। इस दौरान नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, पार्षद आदि लोग उपस्थित रहे।

स्मार्ट सिटी के तहत इन कार्यों का शिलान्यास

1-बस चार्जिंग स्टेशन- 1.13 करोड़
2-फूलबाग स्थित हॉल को रेनोवेशन-5 करोड़
3-लालइमली टावर की फेसलिफ्टिंग- 1.08 करोड़
4-कोतवाली की फेसलिफ्टिंग- 1.93 करोड़
5-मोतीझील में वेंडर कियोस्क- 1.25 करोड़
6-कलेक्ट्रेट में मल्टीलेवल पार्किंग- 50 करोड़
7-चुन्नीगंज में कन्वेशन सेंटर- 80.45 करोड़
8-एबीडी एरिया में 6 पार्कों का सुंदरीकरण- 2.77 करोड़
9-कानपुर स्मार्ट सिटी बिल्डिंग की फेसलिफ्टिंग- 2.76 करोड़

इस कार्य का किया लोकार्पण

स्मार्ट सिटी के तहत बनी ई-पाठशाला- 2.71 करोड़

Related News

Comments

Leave a Reply