Total Visitors : 5 8 1 2 6 0 0

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने कन्नौज के आदेश गुप्ता ...

जिला संगठन मंत्री के पद से शुरू किया था राजनीतिक सफर

कन्नौज के गुरसहायगंज मोहल्ला शास्त्री नगर के आदेश गुप्ता को दिल्ली का भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर उनके आवास पर जश्न का माहौल रहा। माता पिता और भाइयों ने मित्रों को मिठाई खिलाई और एक दूसरों को बधाई दी। मालूम हो कि इससे पहले भी आदेश गुप्ता उत्तरी दिल्ली में महापौर पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। 
नगर के मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ने के बाद उनकी संगठन के प्रति लगन को देखते हुए वर्ष 1994 में उन्हें विद्यार्थी परिषद में फर्रुखाबाद जिला संगठन मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी।

कई साल संगठन में सक्रिय राजनीति करने के बाद वर्ष 2008 में वह दिल्ली पहुंच गए थे जहां से उन्होंने अपनी राजनीति शुरू की थी। लगन को देखते हुए उन्हें वर्ष 2010 में भाजयुमो का राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया। इसके बाद पार्टी ने उन्हें दिल्ली की पटेल नगर से वर्ष 2017 में पार्षद पद से चुनाव लड़ाया।
इसमें उन्होंने जीत हासिल की। एक वर्ष बाद 2018 में उत्तरी दिल्ली का उन्हें महापौर बनाया गया। एक वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह पार्टी के काम में लगे रहे और इसी को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आदेश गुप्ता को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी।

इसकी जानकारी होने पर उनके घर पर जश्न का माहौल है। बधाई देने के लिए लोगों का तांता लग रहा है। मालूम हो कि उनके छोटे भाई देवेंद्र देव भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे और कई पदों पर रहने के बाद इस समय भी वह उमर्दा मंडल के प्रभारी हैं।

इनके पिता शंभू दयाल गुप्ता भी भाजपा नगर अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। इस दौरान व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल, जितेंद्र कौशल, आंचल गुप्ता, शिवा गुप्ता, अनित शुक्ला, अजीत वर्मा मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply