Total Visitors : 5 8 1 1 5 7 3

24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले ...

51 हजार पॉजिटिव केस सिर्फ महाराष्ट्र-दिल्ली के

देश में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर रफ्तार पकड़ने लगी है। गुरुवार रात 8 बजे तक देशभर में 1 लाख 7 हजार 848 नए केस दर्ज किए गए। महाराष्ट्र (36,265) और दिल्ली (15,097) दो ऐसे राज्य हैं, जहां देशभर में मिले नए मरीजों के कुल आधे संक्रमित हैं।

देश में नौ महीने बाद फिर एक बार 24 घंटे के नए केस का आंकड़ा एक लाख के पार हुआ है।पहली बार पिछले साल दूसरी लहर के दौरान अप्रैल में संक्रमितों की संख्या एक दिन में एक लाख के पार हुई थी और चार लाख से अधिक तक गई थी।

देश में गुरुवार को 29,675 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 290 ने जान गंवाई है। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 57 हजार 364 हो गया है।

करीब 5 गुना रफ्तार से बढ़ रहा संक्रमण

इससे पहले पिछले साल 1 दिसंबर को भारत में 9765 नए मरीज मिले थे। 15 दिसंबर को 7974 केस आए थे। वहीं 31 दिसंबर को यह आंकड़ा 23 हजार के करीब था। 31 दिसंबर से आज तक का आंकड़ा देखा जाए तो संक्रमितों का आंकड़ा करीब 5 गुना रफ्तार से बढ़ा है।

दिल्ली में 3 दिन में 3 गुना रफ्तार के साथ 15 हजार केस

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तीन दिन में तीन गुना हो गई है। 4 जनवरी को दिल्ली में 5481 मामले आए थे, 5 जनवरी को मामले बढ़कर 10,665 हो गए। 6 जनवरी यानी आज 15,097 केस मिले हैं। आज कोरोना संक्रमित 6 लोगों की जान गई। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 15% हो गया है।

मुंबई में रिकॉर्ड 20,181 संक्रमित, 85% मरीजों में कोई लक्षण नहीं

इधर, मुंबई में गुरुवार को 20,181 नए संक्रमित केस मिले हैं। 4 मरीजों की मौत भी हुई है। एक्टिव केस की संख्या यहां बढ़कर 79,260 हो गई है। मुंबई में आज 67 हजार लोगों का टेस्ट किया गया जिसमें से 20181 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। यानी आज पॉजिटिविटी रेट 30% दर्ज की गई।

चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से 17154 (85%) मरीजों में कोई लक्षण नहीं मिला है। कल ये आंकड़ा 90% था। वहीं मुंबई स्थित एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में भी रिकॉर्ड 107 मरीज मिले हैं। संक्रमण शुरू होने के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

राजस्थान के CM अशोक गहलोत कोरोना संक्रमित

राजस्थान के CM अशोक गहलोत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। गहलोत के बेटे वैभव पहले ही संक्रमित हो चुके हैं। वे अभी घर पर इलाज करा रहे हैं। अशोक गहलोत पिछले साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान संक्रमित हो गए थे। तब उनकी पत्नी सुनीता भी कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं।

कोरोना अपडेट्स

पश्चिम बंगाल में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में आने-जाने वालों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। ममता ने कहा है कि अगले 15 दिन अहम रहेंगे। वे राज्य में प्रतिबंध बढ़ाएंगी और कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी।

तीन दिन में चंडीगढ़ PGI के 196 डॉक्टर, हेल्थ वर्कर और अन्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव। इनमें 87 डॉक्टर और 109 दूसरे स्टाफ मेंबर। अमृतसर में गुरुवार को पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट में 125 पैसेंजर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। फ्लाइट में कुल 191 पैसेंजर सवार थे। फ्लाइट इटली से पंजाब के अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट आई थी। सभी संक्रमितों को अमृतसर में क्वारैंटाइन किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी फ्लाइट में इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं। 

मध्यप्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 1033 केस मिले

मध्यप्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 1033 केस मिले हैं। प्रदेश में हॉटस्पॉट बन चुके इंदौर में कोरोना महाविस्फोट हुआ है। यहां एक दिन में 512 नए केस आए हैं। साढ़े सात महीने पहले 27 मई को 527 मरीज मिले थे। भोपाल में 192 केस मिले हैं। भोपाल AIIMS और आइशर हेल्थ सेंटर में 10-10 डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। शिवपुरी में SP राजेश चंदेल और मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। जबलपुर में 70 केस आए हैं।

पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 91 हजार नए मामले आए; यह पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा, 325 ने गंवाई जान

देश में कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। पिछले 24 घंटे में 90,941 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 19,163 मरीज ठीक हुए और 325 लोगों की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस में 71,453 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नए केस का आंकड़ा पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 10 जून को 91,849 नए मामले आए थे। देश में इस महामारी की शुरुआत से अब तक 3.51 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। 3.43 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। 4.82 लाख लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 2.79 लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है।

6 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र- यहां बुधवार को 26,538 लोग संक्रमित पाए गए। 5331 लोग ठीक हुए और 8 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 67.57 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 65.24 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.41 लाख लोगों की मौत हो गई। 87, 505 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. पश्चिम बंगाल- यहां बुधवार को 14,022 लोग संक्रमित पाए गए। 6438 लोग ठीक हुए और 17 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.78 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.25 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,827 लोगों की मौत हो गई। 33,042 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली- यहां बुधवार को 10,665 लोग संक्रमित पाए गए। 2239 लोग ठीक हुए और 8 मौतें दर्ज की गईं। अब तक राज्य में 14.74 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.25 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,121 लोगों की मौत हो गई। 23,307 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

4. केरल- यहां बुधवार को 4801 लोग संक्रमित पाए गए। 1813 लोग ठीक हुए और 29 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 52.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 51.90 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 48,895 लोगों की मौत हो गई। 22,910 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

5. तमिलनाडु- यहां बुधवार को 4862 लोग संक्रमित पाए गए। 688 लोग ठीक हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 27.60 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.07 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,814 लोगों की मौत हो गई। 16,577 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

6. उत्तर प्रदेश- यहां बुधवार को 2036 लोग संक्रमित पाए गए। 51 लोग ठीक हुए और एक भी मौत नहीं हुई। अब तक राज्य में 17.16 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,916 लोगों की मौत हो गई। 5158 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

उत्तर प्रदेश में बीते 4 दिन में कोरोना के 4 हजार 154 नए केस सामने आए हैं। NCR के करीबी 3 जिले कोरोना के एपिसेंटर बने हुए हैं। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और मेरठ इन तीन जिलों में ही 2 हजार 300 से ज्यादा एक्टिव केस हैं। लखनऊ में भी एक्टिव केस की संख्या 700 के पार हो चुकी है।

Related News

Leave a Reply