Total Visitors : 5 8 1 5 0 5 2

प्रधानपति की हत्या के विरोध में गुलाबी गैंग ने लगाया जाम ...

ग्राम प्रधान पूजा सिंह को न्याय दिलाने की मांग

कानपुर घाटमपुर: रामसारी गांव के प्रधान पति और अधिवक्ता की गोली मारकर हुई हत्या के विरोध में शुक्रवार को गुलाबी गैंग की महिलाओं ने मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। वह ग्राम प्रधान पूजा सिंह को न्याय दिलाने और मुख्य आरोपी को पकड़े जाने की मांग कर रही थीं। वहीं, गुरुवार को मुख्य चौराहे पर जाम लगाने में पुलिस ने प्रधान और अन्य लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

प्रधान के पति सतेंद्र सिंह की 13 सितंबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में गांव के युवक संदीप उर्फ गुरू को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था। मृतक की पत्नी और भाई का आरोप है कि जेल भेजे गए युवक ने तो सुपारी लेकर हत्या की है। घटना का मुख्य आरोपी गांव का एक पूर्व प्रधान है। उसे पुलिस बचा रही है। उसी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। गुरुवार की दोपहर भी रामसारी गांव से आए लोगों ने मुख्य चौराहा जाम कर हंगामा किया था। गुलाबी गैंग की महिलाओं ने मुख्य चौराहे पर 35 मिनट तक हंगामा किया। पुलिस ने उनके खिलाफ जाम लगाने का मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी तो वह चौराहे से कोतवाली पहुंच गईं। वहां करीब पांच मिनट पुलिस से नोंकझोंक करने के बाद वापस लौट गईं।

महिलाओं का कहना था कि वह ग्राम प्रधान पूजा सिंह को न्याय दिलाने की मांग कर रही हैं। उधर, गुरुवार को हत्या के विरोध में मुख्य चौराहे पर जाम लगाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्रधान पूजा सिंह, उनके देवर उपेंद्र सिंह और मृतक के चाचा रामसिंह भदौरिया सहित आठ लोगों को नामजद करते हुए 50-60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Related News

Leave a Reply